गोमो स्टेशन पर अचानक मची अफरा-तफरी, ट्रेन में आग और यात्रियों की चीख-पुकार के बीच 72 लोगों का रेस्क्यू

धनबाद के गोमो स्टेशन पर मेगा मॉक ड्रिल में 72 यात्रियों का सफल रेस्क्यू, ट्रेन में आग व हादसे की स्थिति पर रेलवे, RPF और NDRF ने परखी तैयारी।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले के गोमो रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब ट्रेन की एक बोगी में आग लगने और कई यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली। देखते ही देखते रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और राहत-बचाव की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बोगी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू हुआ। हालांकि, घबराने की जरूरत नहीं थी, क्योंकि यह पूरा घटनाक्रम एक मेगा मॉक ड्रिल का हिस्सा था।

धनबाद रेल मंडल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन, गोमो में रेलवे और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से इस अभ्यास का आयोजन किया। इसमें गया-गोमो मेमू ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त दिखाया गया। ट्रेन की एक बोगी में आग लगने और बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई थी।

सूचना मिलते ही हरकत में आया रेलवे प्रशासन

आपातकालीन सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल ने संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया। इसके बाद टीआरडी विभाग, दुर्घटना राहत यान यानी एआरटी और आरपीएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहतकर्मियों ने बोगी में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।

इस अभ्यास के दौरान कुल 72 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया। घायलों की स्थिति के अनुसार प्राथमिक उपचार देने और गंभीर रूप से घायल लोगों को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाने की व्यवस्था भी परखी गई।

NDRF की टीम ने भी दिखाया दमखम

इस मेगा मॉक ड्रिल में रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने भी हिस्सा लिया। रेलवे और NDRF के जवानों ने मिलकर बोगी में फंसे लोगों को निकालने, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और राहत कार्यों को तेजी से पूरा करने का अभ्यास किया।

इस दौरान अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल, उपलब्ध संसाधनों और आपातकालीन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता का भी आकलन किया गया।

रेस्क्यू देखकर यात्री भी रह गए हैरान

गोमो स्टेशन पर अचानक शुरू हुए बचाव अभियान को देखकर वहां मौजूद यात्री कुछ देर के लिए घबरा गए। ट्रेन से घायलों को बाहर निकालने और राहतकर्मियों की भागदौड़ देखकर लोगों को लगा कि शायद कोई वास्तविक रेल दुर्घटना हो गई है। बाद में मॉक ड्रिल की जानकारी मिलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।

NDRF कमांडर ने बताया अभ्यास का उद्देश्य

NDRF कमांडर सूरज कुमार के मुताबिक, इस अभ्यास का मकसद रेल दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थिति में रेलवे, NDRF और दूसरी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि वास्तविक हादसे के दौरान शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे अभ्यास से रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने और कम से कम समय में अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने की तैयारी की जाती है।

गोमो स्टेशन पर हुए इस अभ्यास के जरिए रेलवे और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने यह परखने की कोशिश की कि किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से चलाया जा सकता है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।