रांची: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर झारखंड में विरोध तेज हो गया है। सिमडेगा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ रविवार को राजधानी रांची के फिरायालाल चौक पर पत्रकारों ने प्रदर्शन किया। झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में रांची प्रेस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए।
प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई की मांग उठाई। साथ ही उनकी मौजूदा स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। पत्रकारों ने पुलिस की कथित बर्बरता पर नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार से पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की।
गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों में आक्रोश
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोप से जुड़ी खबर प्रसारित करने के मामले में सिमडेगा पुलिस ने अभिषेक भारती को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों के बीच नाराजगी देखी जा रही है।
सरकार से हस्तक्षेप की मांग
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों का कहना है कि पूरे मामले में निष्पक्षता बरती जानी चाहिए। उन्होंने अभिषेक भारती को न्याय दिलाने, उनकी रिहाई और पुलिस की कार्रवाई की जांच कराने की मांग की। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि इस मामले में सरकार को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए।


