प्रतिनिधित्व का विस्तार ही लोकतंत्र की असली मजबूती : सुदेश महतो

झारखंड में लोकसभा और विधानसभा सीटों की प्रस्तावित वृद्धि का सुदेश महतो ने किया स्वागत, कहा- प्रतिनिधित्व का विस्तार और महिलाओं की भागीदारी से ही मजबूत होगा लोकतंत्र।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने लोकसभा एवं विधानसभा की सीटों में प्रस्तावित वृद्धि का स्वागत करते हुए इसे झारखंड के लोकतांत्रिक सशक्तिकरण और जनप्रतिनिधित्व के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के तहत झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 तथा विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर लगभग 122 होने की संभावना है। यह बदलाव राज्य की जनता को लोकतांत्रिक संस्थाओं में अधिक प्रतिनिधित्व प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे क्षेत्रीय समस्याओं, स्थानीय जनआकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को संसद एवं विधानसभा में अधिक प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं जवाबदेही को भी मजबूती मिलेगी।

सुदेश ने महिला राजनीतिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व के पक्षधर रहे हैं। लगभग 16 वर्ष पूर्व झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के दायित्व का निर्वहन करते हुए पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना उनके राजनीतिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। इससे हजारों महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में आगे आने और अपने गांव, पंचायत तथा समाज के विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का अवसर मिला।

आगे उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को उनका उचित राजनीतिक अधिकार और प्रतिनिधित्व देने की यह सोच अब राष्ट्रीय स्तर पर भी आगे बढ़ रही है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में इस दिशा में उठाया जा रहा कदम देश के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में एक बड़ी क्रांति की तरह होगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रतिनिधित्व का विस्तार हो, महिलाओं की भागीदारी बढ़े और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज निर्णय प्रक्रिया तक पहुंचे।झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था से शुरू हुई महिला सशक्तिकरण की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार मिलता देखना संतोष और गर्व का विषय है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।