रांची: झारखंड के शहरों में अगले 20-25 वर्षों के दौरान होने वाले संभावित विस्तार को ध्यान में रखते हुए नया मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके तहत राजधानी रांची समेत राज्य के 15 प्रमुख शहरों के मास्टर प्लान को ड्रोन सर्वे के आधार पर अपग्रेड किया जाएगा। झारखंड राज्य योजना अधिकृत समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस पूरी मास्टर प्लान योजना पर कुल 19.86 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें अमृत-2.0 योजना से 13.04 करोड़ रुपये और राज्य योजना मद से 6.82 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।

नए मास्टर प्लान के निर्माण के लिए ड्रोन के माध्यम से हाई-रिज़ॉल्यूशन सर्वे किया जाएगा, जिससे मौजूदा सड़कों, बसावटों, कॉलोनियों, व्यावसायिक क्षेत्रों और खाली जमीनों की वास्तविक स्थिति का बेस मैप तैयार होगा। रांची के मास्टर प्लान-2037 में वर्तमान शहरी सीमा से बाहर करीब 10 किलोमीटर तक के दायरे को संभावित प्लानिंग एरिया में शामिल करने का आकलन किया गया है। यह प्रस्ताव आरआरडीए (RRDA) के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। इसके अलावा, नगर निगम व नगर परिषद की सीमा से बाहर लगभग 5 किमी और नगर पंचायत सीमा से 4 किमी तक के क्षेत्र को नए प्लानिंग एरिया में जोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य के 49 शहरी स्थानीय निकायों में से 42 निकायों का मास्टर प्लान वर्ष 2017 में सैटेलाइट इमेजरी के आधार पर तैयार हुआ था, जबकि रांची का मास्टर प्लान 2015 में सीएडी (CAD) आधारित था। अब ड्रोन सर्वे के लागू होने से शहरों के वास्तविक विस्तार की सटीक जानकारी मिल सकेगी और 25 वर्षों की आवश्यकताओं के अनुरूप एक मजबूत रोडमैप तैयार किया जा सकेगा।


