रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एयर कनेक्टिविटी और भी मजबूत हो गई है। प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने रांची से चार प्रमुख शहरों भुवनेश्वर, अहमदाबाद, पटना और चेन्नई के लिए अपनी उड़ानों को अब सातों दिन संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे पहले भुवनेश्वर, पटना और चेन्नई के लिए सप्ताह में पांच-पांच दिन तथा अहमदाबाद के लिए छह दिन विमान सेवा मिल रही थी। इस विस्तार से कारोबार, शिक्षा, इलाज और त्योहारों के सिलसिले में आवाजाही करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त महीने में रांची एयरपोर्ट से कुल 1,82,960 यात्रियों का आवागमन हुआ, यानी रोजाना औसतन 6 हजार यात्रियों ने यहां से उड़ान भरी। ट्रैवल विशेषज्ञों का कहना है कि दुर्गा पूजा और त्योहारों के सीजन के कारण यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और यह आंकड़ा प्रतिदिन करीब 8 हजार तक पहुंच सकता है। वर्तमान में रांची से रोजाना करीब 24 विमानों का आवागमन हो रहा है।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में नया विंटर शेड्यूल लागू होगा, जिसमें दिल्ली और कोलकाता के लिए एक-एक अतिरिक्त उड़ान जुड़ने से टिकटों की उपलब्धता बढ़ेगी। ऐसे में अगर आप अक्टूबर के अंत या नवंबर में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो टिकट बुक करते समय विंटर शेड्यूल के कारण संभावित समय-बदलाव पर ध्यान अवश्य रखें।


