चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में करीब ₹28 करोड़ की लागत से 195 एकड़ में तैयार झारखंड का सबसे बड़ा इकोलॉजिकल पार्क लगभग 11 महीने से आम लोगों के लिए बंद पड़ा है। पार्क का निर्माण पिछले साल नवंबर में लगभग पूरा हो गया था, लेकिन अब तक इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आम जनता के लिए पार्क का गेट बंद रहता है, जबकि वरीय अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों के दौरे के दौरान इसे खोला जाता है। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, पार्क का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना है और कार्यक्रम तय नहीं होने के कारण इसे जनता के लिए नहीं खोला गया है।

पार्क में योगा सेंटर, ओपन जिम, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पार्क, नक्षत्र वाटिका, लिली पॉन्ड, कैफेटेरिया, भूलभुलैया, स्विमिंग पूल, बोटिंग एरिया, कल्पतरु गार्डन, कैक्टस हाउस, म्यूजिकल फाउंटेन, रोज गार्डन और औषधीय बगीचे समेत कई सुविधाएं हैं। 20 नवंबर 2025 को तत्कालीन पीसीसीएफ अशोक कुमार ने निरीक्षण के दौरान जल्द पार्क को जनता के लिए खोलने की बात कही थी। लेकिन करीब 11 महीने बाद भी पार्क उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। त्योहारों के मौसम में स्थानीय लोग अब इसे आम जनता के लिए खोलने की मांग कर रहे हैं।


