रांची: झारखंड में जारी मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। अब राज्य में तैयार की जा रही अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा, जबकि पूर्व में यह तिथि 19 अक्टूबर तय थी। चुनाव आयोग से मंजूरी मिलने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 8 अक्टूबर को सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्तों को संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है।

संशोधित समय-सारणी के अनुसार, पहले और दूसरे नोटिस का निपटारा 22 अक्टूबर तक कर लिया जाएगा। इसके बाद घर-घर जाकर किए जाने वाले सत्यापन, फॉर्म के डिजिटलीकरण और अन्य संबंधित मामलों को 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाएगा। 1 से 12 नवंबर के बीच छूटे हुए योग्य नागरिकों के लिए ‘होम टू रोल’ सत्यापन अभियान चलाया जाएगा और प्राप्त फॉर्म-6 का डिजिटलीकरण होगा। इसके उपरांत 1 से 21 नवंबर तक डीईओ, रोल ऑब्जर्वर तथा सीईओ स्तर से निपटाए गए मामलों की गहन जांच और सुपर-चेकिंग की जाएगी।
इसी दौरान 1 से 23 नवंबर के बीच ईसीआईनेट (ECINet) पोर्टल पर नोशनल मकान नंबर, नजरी नक्शा, की-मैप, गूगल मैप और मतदान केंद्रों की नवीनतम तस्वीरों को अपडेट करने का कार्य पूरा किया जाएगा। प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निष्पादन भी 23 नवंबर तक अनिवार्य रूप से कर लिया जाएगा। प्रक्रिया के अंतिम चरण में 24 से 29 नवंबर तक मतदाता सूची के स्वास्थ्य मानकों की जांच की जाएगी। इसके बाद निर्वाचन आयोग से अंतिम मंजूरी प्राप्त कर मतदाता सूची की छपाई पूरी की जाएगी, जिसके बाद 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।


