चाईबासा : चक्रधरपुर रेल मंडल के डेरोवा स्टेशन के पास सोमवार को ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चाईबासा के कल्याणपुर निवासी 36 वर्षीय उमेश गोप के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही रेल जीआरपी और आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, यह घटना चक्रधरपुर-राउरकेला मेमो ट्रेन में हुई। बताया जा रहा है कि युवक डेरोवा स्टेशन के पास ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ के एसआई इंद्रजीत कुमार और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


