रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले राज्य की राजनीति गरमा गई है। 25 और 26 नवंबर को होने वाले इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिल सकती है। खास तौर पर एसआईआर और खनिज एवं खनिज विकास विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन अधिनियम को लेकर सदन में सरकार और विपक्ष आमने-सामने आ सकते हैं। सत्र की तैयारियों और रणनीति को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों की विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सत्तारूढ़ गठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। इसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक शामिल होंगे। बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार का पक्ष मजबूती से रखने, विपक्ष के सवालों का जवाब देने और गठबंधन के विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर चर्चा होगी।

वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार शाम 4:30 बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के सभी विधायक शामिल होंगे। बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी। भाजपा एसआईआर, राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। ऐसे में 25 और 26 नवंबर को होने वाला विधानसभा का विशेष सत्र राजनीतिक रूप से काफी अहम रहने वाला है।


