निशा भगत मौत मामला: मौत से कुछ घंटे पहले अधिवक्ता से मांगी थी कानूनी सलाह, CBI ने दर्ज किया बयान

निशा भगत की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। मौत से पहले कानूनी सलाह के लिए हुई बातचीत जांच का अहम पहलू बनी।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आदिवासी महिला कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सीबीआई की जांच तेज हो गई है। जांच एजेंसी ने रविवार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। बताया जा रहा है कि निशा भगत ने मौत से कुछ घंटे पहले अधिवक्ता शिशिर राज से फोन पर बातचीत कर अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को लेकर सलाह मांगी थी। सीबीआई इस बातचीत को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। अधिवक्ता शिशिर राज के अनुसार, निशा भगत ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई को लेकर सलाह मांगी थी। इस पर उन्होंने कहा था कि पहले वह पूरे मामले को समझेंगे और उसके बाद कानूनी राय देंगे। कुछ समय बाद निशा ने दोबारा फोन किया।

एयरपोर्ट जाते समय आया था दूसरा फोन

शिशिर राज ने सीबीआई को बताया कि दूसरी बार जब निशा का फोन आया, उस समय वह एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में होने के कारण फोन पर आवाज स्पष्ट सुनाई नहीं दे रही थी। उन्होंने निशा से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा फोन करने को कहा और कॉल काट दी। इसके बाद उन्होंने खुद निशा को फोन करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। कुछ देर बाद उन्हें निशा की मौत की खबर मिली। सीबीआई ने उनसे बातचीत के समय और परिस्थितियों को लेकर विस्तार से पूछताछ की। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे डीआईजी (दिल्ली) ने भी उनसे सवाल-जवाब किए।

इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है, यकीन नहीं होता’

पूछताछ के दौरान अधिवक्ता शिशिर राज ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है। मौत से कुछ घंटे पहले निशा का उनसे कानूनी सलाह मांगना अब जांच का अहम पहलू बन गया है।

फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप

गौरतलब है कि छह नवंबर को आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की कथित आत्महत्या से मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से राज्य सरकार और जमीन के कारोबारियों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। उनके माता-पिता, जिनमें झारखंड आंदोलनकारी आनादु भगत भी शामिल हैं, ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी। परिजनों की मांग के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया था संज्ञान

इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात नवंबर को स्वतः संज्ञान लिया था। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच करने और सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी मामले की जानकारी लेने के लिए रांची का दौरा किया था। अब सीबीआई की जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि मौत से पहले निशा भगत किन परिस्थितियों से गुजर रही थीं और उनकी ओर से लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या थी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।