हितेन्द्र पटेल

नोबेल पुरस्कार में मेरी रुचि इतनी ही है कि कुछ ऐसे साहित्य की दुनिया के नाम से परिचय हो जाता है जो साहित्य के वैश्विक समुद्र में समाए रहते हैं और हम उनके बारे में जान नहीं पाते । साहित्य की एक विशाल दुनिया है । उनके बीच में से कुछ प्रतिनिधि नाम के सहारे हम विश्व के बहुत सारे हिस्सों के मानव जीवन और उनके अनुभवों से परिचय प्राप्त करते हैं । इस बार जिन्हें साहित्य का नोबल पुरस्कार मिला है उनके बारे में जानकर मुझे बहुत प्रसन्नता हुई । इसके माध्यम से ऐसी लेखिका की ओर दुनिया का ध्यान गया है जिसकी रचनात्मक दुनिया में प्राचीन यूनानी मिथक, आधुनिक मनुष्य की बेचैनी, स्मृति, प्रेम और भाषा की सीमाओं से जुड़े प्रश्न एक साथ उपस्थित होते हैं। ऐन कार्सन कनाडा की कवयित्री, अनुवादक और प्राचीन साहित्य की अध्येता हैं । उनको यह सम्मान देते हुए स्वीडिश अकादमी ने विशेष रूप से रेखांकित किया है कि उन्होंने शास्त्रीय साहित्यिक परंपरा के साथ रचनात्मक संवाद स्थापित करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप विकसित किए हैं।
उनका लेखन एक बड़े प्रश्न से जुड़ा है। अतीत के साथ आधुनिक मनुष्य का संबंध क्या होना चाहिए और क्या साहित्य उस संबंध को समझने के लिए इतिहास से भिन्न, किंतु उतना ही महत्त्वपूर्ण रास्ता खोल सकता है? आधुनिक बौद्धिक संसार में इतिहास, दर्शन, साहित्य और मिथक के बीच अपेक्षाकृत स्पष्ट विभाजन स्थापित हो गया है। विश्वविद्यालयों की अध्ययन पद्धति में इन सभी के अलग-अलग विभाग हैं। इतिहासकार अतीत की घटनाओं, सामाजिक संरचनाओं और परिवर्तनों को प्रमाणों के आधार पर समझने का प्रयास करता है। साहित्यकार कल्पना, अनुभूति और भाषा के माध्यम से मानवीय जीवन को व्यक्त करता है। मिथकों को प्रायः किसी समाज की सांस्कृतिक कल्पना तथा उसकी विश्वास-व्यवस्था के अंग के रूप में देखा जाता है। इन विभाजनों की अपनी उपयोगिता है, लेकिन मानवीय अनुभव हमेशा इन सीमाओं में व्यवस्थित नहीं रहता। मनुष्य का अतीत केवल घटनाओं और दस्तावेजों में नहीं रहता। वह कहानियों, प्रतीकों, स्मृतियों, इच्छाओं और उन मौन अनुभवों में भी जीवित रहता है, जिन्हें किसी एक प्रकार के ज्ञान से पूरी तरह समझना संभव नहीं है। ऐन कार्सन का लेखन हमें इसी जटिल संसार की ओर ले जाता है।
कार्सन का जन्म १९५० में टोरंटो में हुआ था। उन्होंने प्राचीन यूनानी भाषा और साहित्य का गहन अध्ययन किया तथा लंबे समय तक अध्यापन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में अर्जित ज्ञान को साहित्यिक सृजन से अलग नहीं रखा। सामान्यतः शास्त्रीय साहित्य का अध्येता प्राचीन ग्रंथों की भाषा, उनके रचनाकाल, पांडुलिपियों और ऐतिहासिक संदर्भों की व्याख्या करता है। कार्सन के लिए यह एक प्रश्न है — प्राचीन कवि या कथाकार की रचना आज के पाठक के अनुभव का हिस्सा कैसे बन सकती है? वे प्राचीन और आधुनिक के बीच मौजूद दूरी को स्वीकार करती हैं और उसी दूरी को रचनात्मक अनुभव में बदलने की कोशिश करती हैं।
उनकी पहली महत्त्वपूर्ण पुस्तक इरॉस द बिटरस्वीट (१९८६) में प्रकाशित हुई, इस दृष्टि का परिचय देती है। यह पुस्तक प्रेम और इच्छा की प्रकृति पर विचार करती है, लेकिन उसका आधार प्राचीन यूनानी कविता और साहित्य है। प्रेम को सामान्यतः दो व्यक्तियों के बीच आकर्षण, निकटता और एक-दूसरे को प्राप्त करने की इच्छा के रूप में समझा जाता है। कार्सन इस परिचित अनुभव में एक गहरी जटिलता खोजती हैं। प्रेम में किसी को पाने की इच्छा जितनी महत्त्वपूर्ण है, उतनी ही महत्त्वपूर्ण वह दूरी भी है, जो चाहने वाले और चाहे जाने वाले के बीच बनी रहती है। इच्छा का जन्म एक प्रकार के अभाव से होता है। जिसे हम प्राप्त करना चाहते हैं, वह पूरी तरह हमारी पहुँच में नहीं होता।
इसमें एक बात उभर कर आती है —प्रेम केवल सुख नहीं है। उसमें असुरक्षा, पीड़ा, प्रतीक्षा और अपने भीतर की अपूर्णता का अनुभव भी शामिल है।
यह विचार नया नहीं है, लेकिन कार्सन जिस तरह प्राचीन यूनानी कवयित्री सैफ़ो की रचनाओं के माध्यम से इसका विवेचन करती हैं, वह विशेष ध्यान देने योग्य है। सैफ़ो के यहाँ प्रेम के अनुभव में मिठास और कड़वाहट एक साथ मौजूद हैं। कार्सन इसे केवल भावनात्मक विरोधाभास नहीं मानतीं। उनके लिए यह मनुष्य की इच्छा की संरचना को समझने का रास्ता है। हम किसी दूसरे व्यक्ति को जानना चाहते हैं, उसके निकट पहुँचना चाहते हैं, किंतु इस प्रयास में अपने और दूसरे के बीच की दूरी का भी बोध होता है।
प्रेम के भीतर ही दूसरे की स्वतंत्र सत्ता की पहचान छिपी हुई है। इस अर्थ में कार्सन का प्रेम संबंधी चिंतन व्यक्ति और दूसरे व्यक्ति के संबंध पर एक व्यापक दार्शनिक विचार बन जाता है।एक भारतीय पाठक के लिए ये दृष्टि दिलचस्प है । कार्सन किसी प्राचीन पाठ का उपयोग अपने पहले से तय विचार को प्रमाणित करने के लिए नहीं करतीं। उस पाठ के भीतर उपलब्ध संभावनाओं को खोलते हुए वे आधुनिक जीवन से उसका संवाद स्थापित करती हैं। प्राचीन साहित्य उनके लिए कोई तैयार उत्तर देने वाला संग्रह नहीं है। वह प्रश्न पूछने और नए अनुभवों तक पहुँचने का माध्यम है। इसीलिए उनके साहित्य में विद्वत्ता और संवेदनशीलता को अलग करना कठिन होता है। वे जहाँ प्राचीन भाषा के किसी शब्द की व्याख्या करती दिखाई देती हैं, वहीं कुछ ही क्षणों में उस शब्द के माध्यम से प्रेम, पीड़ा या अकेलेपन के ऐसे अनुभव तक पहुँच जाती हैं, जो आधुनिक पाठक को अपना लगता है। हिंदी के पाठक रांगेय राघव के मुर्दों का टीला को याद करें तो शायद वे इस बात को समझ लेंगे ।
कार्सन की एक और चर्चित कृति है —ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड, जिसका प्रकाशन १९९८ में हुआ। इसमें मिथक के रचनात्मक पुनर्पाठ का उल्लेखनीय उदाहरण है। इसका आधार प्राचीन यूनानी परंपरा में उपस्थित गेरियॉन की कथा है। गेरियॉन एक विचित्र, लाल रंग का प्राणी है, जिसे वीर हेराक्लीज़ मार देता है। परंपरागत वीरगाथा में गेरियॉन की उपस्थिति मुख्यतः उस प्रतिरोधी शक्ति के रूप में होती है, जिस पर विजय प्राप्त करके नायक अपनी वीरता सिद्ध करता है। कथा का केंद्र विजेता है। जिसे मार दिया जाता है, उसके जीवन, अनुभव या संवेदना को जानने में कथा की विशेष रुचि नहीं होती। कार्सन इस कथा को एक बिल्कुल अलग दिशा में मोड़ देती हैं। वे उस प्राणी के जीवन को केंद्र में ले आती हैं, जिसकी कहानी परंपरागत आख्यान में लगभग अनुपस्थित थी।
कार्सन का गेरियॉन एक संवेदनशील किशोर है। उसका शरीर दूसरे लोगों से अलग है, उसके पंख हैं और वह अपने अस्तित्व को लेकर असमंजस में है। उसके जीवन में बचपन की पीड़ा, प्रेम की आकांक्षा, अस्वीकृति और अपनी पहचान को समझने का संघर्ष मौजूद है। हेराक्लीज़ के साथ उसका संबंध भी परंपरागत विजेता और पराजित का संबंध नहीं रह जाता। वह प्रेम, आकर्षण और भावनात्मक आघात से भरा संबंध बन जाता है। इस कथा के माध्यम से कार्सन उस व्यक्ति की दुनिया में प्रवेश करती हैं, जिसे सामान्य सामाजिक कल्पना असामान्य या विकृत मानकर अपने से बाहर कर देती है। यहाँ मिथक का रूपांतरण केवल कहानी बदलने का साहित्यिक कौशल नहीं है। यह देखने का स्थान बदलने की प्रक्रिया भी है।हिंदी के पाठक इस तरह के रोल रिवर्सल के रचनात्मक प्रयोग से खूब परिचित हैं । मुझे लगता है इतिहास के अध्येताओं के लिए कार्सन का विशेष महत्त्व है ।
इस प्रकार का साहित्यिक प्रयोग इतिहास के अध्येता के लिए उपयोगी है । इतिहास में लंबे समय तक राजाओं, विजेताओं, शासकों और बड़ी राजनीतिक शक्तियों का प्रभुत्व रहा। बाद में सामाजिक इतिहास, स्त्री इतिहास और हाशिए के समुदायों के इतिहास ने उन लोगों को अध्ययन का विषय बनाया, जिन्हें पुराने ऐतिहासिक आख्यानों में पर्याप्त स्थान नहीं मिला था। कार्सन का प्रयोग इन इतिहासलेखन संबंधी प्रयासों के समान नहीं है, क्योंकि वे ऐतिहासिक प्रमाणों के आधार पर भूले हुए किसी वास्तविक व्यक्ति का जीवन पुनर्निर्मित नहीं कर रहीं। फिर भी उनके साहित्य में एक समान नैतिक प्रश्न अवश्य उभरता है। किसी कथा में बोलने का अधिकार किसके पास है और किसके अनुभव को महत्त्वपूर्ण माना जाता है? एक पुराना मिथक जब दूसरे पात्र की दृष्टि से लिखा जाता है तो उसका नैतिक अर्थ बदलने लगता है।
कार्सन के लेखन में प्राचीन संसार की अपरिचितता और विचित्रता बनी रहती है। यही विशेषता महत्त्वपूर्ण है। अतीत से संवाद करने का अर्थ उसे अपने वर्तमान की प्रतिलिपि बना देना नहीं है। जिस समय और समाज से कोई रचना आती है, उसकी अपनी भिन्नता भी होती है। यदि हम अतीत में केवल वही देखना चाहते हैं जो आज हमें परिचित लगता है, तो उसकी वास्तविक जटिलता को समझने की संभावना कम हो जाती है। कार्सन की सफलता इस बात में है कि वे परिचित और अपरिचित, निकट और दूर, प्राचीन और आधुनिक के बीच तनाव को बनाए रखती हैं। सन् २०१० में प्रकाशित नॉक्स इस दृष्टि से विशेष उल्लेखनीय है। यह पुस्तक उनके भाई माइकल की मृत्यु की स्मृति में रची गई है। इसमें व्यक्तिगत शोक, पारिवारिक इतिहास, पुराने पत्रों, तस्वीरों और दस्तावेजों के अंशों के साथ प्राचीन रोमन कवि कैटुलस की एक शोक-कविता उपस्थित होती है। कैटुलस ने भी अपने मृत भाई के लिए कविता लिखी थी। कार्सन इस प्राचीन कविता के शब्दों का अनुवाद और अर्थ-विस्तार करते हुए अपने भाई के जीवन और मृत्यु के अनुभव से गुजरती हैं। पुस्तक का रूप भी असाधारण है। इसे साधारण ढंग से बँधी पुस्तक के बजाय लंबे मोड़े हुए पृष्ठों के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें पाठक को लिखित सामग्री के साथ दृश्यात्मक अवशेषों से भी गुजरना पड़ता है।
नॉक्स पढ़ते हुए एक महत्त्वपूर्ण अनुभव सामने आता है। किसी प्रिय व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके जीवन को हम किस हद तक जान सकते हैं? हमारे पास उसके पत्र हो सकते हैं, तस्वीरें हो सकती हैं, बातचीत की स्मृतियाँ हो सकती हैं, लेकिन इन सबको जोड़ देने पर भी वह व्यक्ति पूरी तरह हमारी पकड़ में नहीं आता। उसके जीवन का बहुत कुछ हमारे ज्ञान से बाहर रहता है। कार्सन इस अपूर्णता को दूर करने के लिए कोई काल्पनिक पूर्णता निर्मित नहीं करतीं। वे स्मृति की सीमाओं को स्वीकार करती हैं। पुस्तक में उपस्थित रिक्त स्थान, अधूरे अनुभव और बिखरी हुई सामग्री पाठक को यह अहसास कराते हैं कि किसी जीवन की कहानी उपलब्ध अवशेषों से बड़ी होती है।
इतिहास और स्मृति के संबंध पर विचार करने वालों के लिए यह अनुभव अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। इतिहासकार भी प्रायः अधूरे दस्तावेजों, आंशिक साक्ष्यों और समय के साथ बची हुई सामग्री से अतीत की व्याख्या करता है। वह प्रमाणों के आधार पर तर्क विकसित करता है, लेकिन उसके लिए भी अतीत की संपूर्ण पुनर्प्राप्ति संभव नहीं है। कार्सन का साहित्य इस सीमा को मानवीय अनुभव के स्तर पर सामने लाता है। इतिहासकार और साहित्यकार के कार्यों में बुनियादी अंतर बना रहता है, किंतु दोनों का सामना कभी-कभी एक समान समस्या से होता है। जो बीत गया है, उसके बारे में क्या जाना जा सकता है और जो नहीं जाना जा सकता, उसके साथ हमारा संबंध कैसा होना चाहिए? इस प्रश्न को कार्सन अपने साहित्य में बहुत संवेदनशीलता के साथ उपस्थित करती हैं।
इस संदर्भ में सैफ़ो की कविताओं का कार्सन द्वारा किया गया अनुवाद भी उल्लेखनीय है। इफ नॉट, विंटर नाम से २००२ में प्रकाशित इस संग्रह में सैफ़ो की उपलब्ध कविताओं और उनके अंशों को प्रस्तुत किया गया है। सैफ़ो का अधिकांश काव्य पूर्ण रूप में हमारे पास नहीं है। बहुत-सी रचनाएँ खंडित पांडुलिपियों और बाद के लेखकों द्वारा दिए गए उद्धरणों के माध्यम से सुरक्षित रह सकी हैं। कार्सन अनुवाद करते समय इन रिक्त स्थानों को अपनी कल्पना से भर देने के बजाय पाठक के सामने उनकी अनुपस्थिति को भी उपस्थित रखती हैं। इस प्रकार पाठक केवल सैफ़ो के बचे हुए शब्द नहीं पढ़ता, बल्कि यह भी अनुभव करता है कि समय ने कितना कुछ नष्ट कर दिया है।
कार्सन में एक गहरी बौद्धिक विनम्रता दिखाई देती है। सामान्यतः अनुवाद को एक भाषा में उपलब्ध अर्थ को दूसरी भाषा में पहुँचा देने की प्रक्रिया माना जाता है। कार्सन बताती हैं कि अनुवाद का संबंध उन चीजों से भी होता है जिन्हें पूरी तरह दूसरी भाषा में नहीं पहुँचाया जा सकता। किसी शब्द का अर्थ उसके सांस्कृतिक संसार, ध्वनि, लय और प्रयोग से जुड़ा होता है। दूसरी भाषा में पहुँचते समय वह कुछ नया प्राप्त करता है और कुछ खो भी देता है। प्राचीन साहित्य के संदर्भ में यह कठिनाई और बढ़ जाती है, क्योंकि हमारे पास उस संसार की पूरी जानकारी नहीं होती। इसलिए अनुवाद केवल भाषाई कौशल नहीं रह जाता। वह अतीत की भिन्नता का सम्मान करते हुए वर्तमान में उसके लिए स्थान बनाने का प्रयास बन जाता है।
कार्सन की रचनाओं का एक और आकर्षक पक्ष साहित्यिक विधाओं के बीच उनका सहज आवागमन है। द ब्यूटी ऑफ द हज़बैंड में वे विवाह, प्रेम, आकर्षण और विश्वासघात की कथा को उनतीस नृत्यात्मक खंडों में विकसित करती हैं। यहाँ काव्यात्मक कथन के साथ विचारात्मक विवेचन भी चलता है। जॉन कीट्स की सौंदर्य और सत्य संबंधी धारणा इस रचना के पीछे उपस्थित है, लेकिन पुस्तक उस धारणा को केवल दोहराती नहीं है। वह प्रेम के अनुभव में सौंदर्य, भ्रम और सत्य के जटिल संबंधों की पड़ताल करती है। इसी प्रकार उनकी बाद की रचनाओं में कविता, गद्य, दृश्यात्मक कला और नाटकीय प्रस्तुति एक-दूसरे के साथ मिलती हैं। उनकी २०२४ की पुस्तक रॉन्ग नॉर्मा भी साहित्यिक अभिव्यक्ति के इस खुलेपन को सामने लाती है।
इन प्रयोगों को समझने के लिए केवल आधुनिक साहित्यिक सिद्धांतों का सहारा लेना पर्याप्त नहीं है। कार्सन के यहाँ रचनात्मक विधाओं के बीच आवागमन की एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी है। प्राचीन साहित्य की दुनिया में कविता, संगीत, नाटक, दर्शन और सार्वजनिक वाचन के बीच संबंध आज की तुलना में अलग प्रकार के थे। आधुनिक विश्वविद्यालयों और प्रकाशन की व्यवस्था ने ज्ञान तथा साहित्य की विधाओं को अधिक व्यवस्थित रूप से अलग किया है। कार्सन उस विभाजन को अस्वीकार करके प्राचीन संसार में लौट नहीं जातीं, बल्कि आधुनिक परिस्थितियों में इन विधाओं के बीच नए संबंध खोजती हैं। इस अर्थ में उनका प्रयोग परंपरा से विच्छेद नहीं, बल्कि परंपरा के साथ एक नए प्रकार के संबंध का निर्माण है।
भारतीय साहित्यिक परंपरा को ध्यान में रखें तो कार्सन की रचनात्मक दृष्टि कुछ परिचित प्रश्नों को नए रूप में सामने लाती है। भारत में महाभारत, रामायण और पुराणों की कथाएँ केवल प्राचीन ग्रंथों तक सीमित नहीं रही हैं। वे अनेक भाषाओं, क्षेत्रों और समुदायों में बार-बार कही और लिखी जाती रही हैं। किसी पात्र को एक परंपरा में जो स्थान मिलता है, दूसरी परंपरा में उसका रूप बदल सकता है। आधुनिक साहित्य ने भी इन कथाओं के उपेक्षित पात्रों को नई आवाज दी है। मैथिलीशरण गुप्त की साकेत में उर्मिला को मिला स्थान इसका एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। इसी प्रकार आधुनिक साहित्य में कर्ण, द्रौपदी और अन्य पात्रों के नए अर्थ विकसित हुए हैं। इन प्रयोगों से यह समझने में सहायता मिलती है कि मिथक कोई स्थिर और एक बार के लिए पूर्ण हो चुकी कथा नहीं है। वह किसी समाज की सांस्कृतिक स्मृति में बने रहने के साथ नए अनुभवों से जुड़ता रहता है।
हिंदी साहित्य में हजारीप्रसाद द्विवेदी और कुबेरनाथ राय के लेखन को भी इस संदर्भ में याद किया जा सकता है, यद्यपि उनकी दृष्टियों और कार्सन की रचनात्मक पद्धति में महत्त्वपूर्ण अंतर हैं। द्विवेदी का साहित्य भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को एक बहती हुई ऐतिहासिक प्रक्रिया के रूप में देखने की प्रेरणा देता है। वे परंपरा को जड़ रूप में स्वीकार नहीं करते, बल्कि उसके भीतर विकसित होने वाले विचारों, विश्वासों और मानवीय प्रवृत्तियों को समझना चाहते हैं। कुबेरनाथ राय के ललित निबंधों में मिथकीय चेतना, लोकजीवन, पुराण, साहित्य और सांस्कृतिक स्मृति के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है। उनके लिए भारतीय सांस्कृतिक अनुभव को समझने में मिथक एक महत्त्वपूर्ण माध्यम है। कार्सन के यहाँ भी प्राचीन साहित्य वर्तमान की रचनात्मक चेतना में सक्रिय रहता है, किंतु वे उस परंपरा के भीतर मौजूद टूटनों, मौन और अपरिचित अनुभवों को सामने लाने में विशेष रुचि रखती हैं।
यह तुलना समानता स्थापित करने से अधिक भिन्नताओं को समझने के लिए उपयोगी है। कुबेरनाथ राय सांस्कृतिक परंपरा में एक प्रकार की निरंतरता तथा सभ्यतागत अनुभव की खोज करते हैं। कार्सन प्रायः ऐसी जगहों पर ध्यान देती हैं जहाँ निरंतरता के साथ विच्छेद, अभाव या असंगति भी मौजूद है। एक ओर सांस्कृतिक स्मृति में बची हुई अर्थपूर्ण परंपरा का आग्रह है, दूसरी ओर स्मृति के भीतर उपस्थित रिक्त स्थानों के प्रति सजगता। दोनों दृष्टियों को एक साथ पढ़ना फलदायी हो सकता है। इससे यह समझने में सहायता मिलती है कि परंपरा के साथ रचनात्मक संबंध केवल उसकी निरंतरता स्थापित करने से नहीं बनता। उसके भीतर मौजूद विविधताओं, असहमतियों और विस्मृत अनुभवों को पहचानना भी उतना ही आवश्यक है।
मिथक और इतिहास के संबंध में एक सावधानी आवश्यक है। साहित्यिक पुनर्कल्पना को ऐतिहासिक प्रमाण का विकल्प नहीं माना जा सकता। किसी प्राचीन पात्र के जीवन को आधुनिक संवेदना के साथ पुनर्लिखने से उस पात्र का ऐतिहासिक अस्तित्व प्रमाणित नहीं होता और न उसके मूल सामाजिक संदर्भ की सभी समस्याएँ सुलझ जाती हैं। मिथक का रचनात्मक सत्य और इतिहास का प्रमाणाधारित सत्य अलग प्रकार के प्रश्नों से संबंधित हैं। किंतु इसका अर्थ यह नहीं कि दोनों के बीच कोई संवाद संभव नहीं है। मिथक यह समझने में सहायता कर सकता है कि कोई समाज अपने अनुभवों को किस प्रकार अर्थ देता है, किन आदर्शों को महत्त्वपूर्ण मानता है और किन आशंकाओं को कथाओं के माध्यम से व्यक्त करता है। इतिहास उन सामाजिक परिस्थितियों और परिवर्तनों को समझने का प्रयास करता है जिनमें ये विश्वास और कथाएँ निर्मित तथा परिवर्तित होती हैं। साहित्य इन दोनों के बीच उपस्थित मानवीय अनुभवों को अभिव्यक्ति दे सकता है।
कार्सन इतिहासकार नहीं हैं और उनसे इतिहासलेखन की अपेक्षा करना भी उचित नहीं होगा। उनकी शक्ति उस क्षेत्र में है जहाँ प्रमाण, कल्पना और मानवीय अनुभव के बीच की दूरी स्वयं साहित्यिक प्रश्न बन जाती है। वे अतीत को केवल वर्तमान की सुविधा के लिए पुनर्निर्मित नहीं करतीं। प्राचीन संसार के प्रति उनके आकर्षण में उस संसार की अपरिचितता को बनाए रखने की कोशिश भी शामिल है। इससे पाठक के सामने एक ऐसी स्थिति बनती है, जहाँ वह अतीत के बारे में कुछ जानता भी है और उसके प्रति अपनी अज्ञानता को भी पहचानता है। ज्ञान की यह सीमा कार्सन के यहाँ निराशा का कारण नहीं बनती। वह जिज्ञासा को अधिक गहरा करने का अवसर बन जाती है।
कार्सन के साहित्य की कुछ कठिनाइयाँ भी हैं। प्राचीन यूनानी साहित्य, दर्शन और आधुनिक साहित्यिक प्रयोगों से अपरिचित पाठक के लिए उनकी अनेक रचनाएँ सहज नहीं होतीं। उनके यहाँ संदर्भ तेजी से बदलते हैं, विधाओं की परिचित सीमाएँ समाप्त होती हैं और कई बार पाठक से अपेक्षा की जाती है कि वह पाठ के बीच उपस्थित रिक्तियों को स्वयं समझने का प्रयास करे। उनकी विद्वत्ता तथा प्रयोगशीलता कभी-कभी साहित्य को सीमित पाठक-वर्ग तक पहुँचा सकती है। यह प्रश्न गंभीर है, क्योंकि किसी रचना की नवीनता अपने आप में उसकी व्यापक मानवीय उपयोगिता का प्रमाण नहीं होती। साथ ही यह भी देखना चाहिए कि कार्सन का साहित्य केवल बौद्धिक कौशल का प्रदर्शन नहीं है। उनकी श्रेष्ठ रचनाओं में गहन अध्ययन अंततः प्रेम, असुरक्षा, स्मृति और शोक जैसे सामान्य मानवीय अनुभवों को अधिक सूक्ष्मता से समझने का माध्यम बन जाता है।
आज के समय में कार्सन का साहित्य एक अन्य कारण से भी प्रासंगिक है। तकनीकी साधनों के विस्तार के साथ सूचनाओं को प्राप्त करना, सुरक्षित रखना और पुनः प्रस्तुत करना पहले की तुलना में कहीं आसान हो गया है। लेकिन सूचना की उपलब्धता से अनुभव की संपूर्ण समझ अपने आप विकसित नहीं होती। हमारे पास किसी व्यक्ति के जीवन से जुड़ी हजारों तस्वीरें, संदेश और दस्तावेज हो सकते हैं, फिर भी उसके मन और अनुभव के बहुत से पक्ष हमारी पहुँच से बाहर रहेंगे। कार्सन की स्मृति संबंधी रचनाएँ इसी सीमा की ओर संकेत करती हैं। वे बताती हैं कि किसी जीवन को समझना उपलब्ध सामग्री को जोड़कर एक पूर्ण कहानी बना देना भर नहीं है। उसके भीतर अनिश्चितता और अपूर्णता के लिए भी स्थान रखना पड़ता है। यह बात ऐतिहासिक ज्ञान के लिए भी महत्त्वपूर्ण है। आधुनिक इतिहासलेखन ने प्रमाणों की आलोचनात्मक जाँच, स्रोतों के तुलनात्मक अध्ययन और तर्कपूर्ण व्याख्या की जो पद्धति विकसित की है, उसका महत्त्व बना रहेगा। लेकिन इतिहासकार को यह भी समझना होता है कि दस्तावेज किसी समाज के संपूर्ण अनुभव का प्रतिनिधित्व नहीं करते। बहुत से लोगों के अनुभव लिखित रूप में सुरक्षित नहीं रह पाते। कभी-कभी साहित्य, लोककथा, गीत और व्यक्तिगत स्मृतियाँ उन अनुभूतियों तक पहुँचने में सहायता करती हैं, जिन्हें प्रशासनिक अभिलेखों से समझना कठिन होता है। इन स्रोतों का उपयोग भी आलोचनात्मक विवेक से करना आवश्यक है। कार्सन का साहित्य इस पद्धतिगत प्रश्न का सीधा समाधान नहीं देता, लेकिन वह अतीत के अवशेषों और उनकी अनुपस्थिति के प्रति संवेदनशील दृष्टि विकसित करने में सहायता करता है।
साहित्य का एक महत्त्वपूर्ण कार्य यह भी है कि वह मनुष्य को अपने परिचित अनुभवों से बाहर जाकर दूसरे जीवनों की कल्पना करने में समर्थ बनाए। कार्सन जब प्राचीन मिथक के उस प्राणी को बोलने का अवसर देती हैं जिसे परंपरा ने केवल पराजित होने वाले पात्र के रूप में रखा था, तब वे पाठक के सामने किसी दूसरे के अस्तित्व को समझने का प्रश्न उपस्थित करती हैं। जब वे सैफ़ो की खंडित कविताओं को उनके रिक्त स्थानों के साथ प्रस्तुत करती हैं, तब वे अतीत की अपूर्ण उपलब्धता को पाठकीय अनुभव का हिस्सा बनाती हैं। जब वे अपने भाई की स्मृति में नॉक्स रचती हैं, तब उनका साहित्य यह स्वीकार करता है कि प्रेम और निकटता के बावजूद दूसरे व्यक्ति के जीवन का बहुत कुछ अज्ञात रह सकता है। इन तीनों स्थितियों में एक समान संवेदना मौजूद है। दूसरे के अस्तित्व को समझने की कोशिश करते समय उसकी भिन्नता और स्वतंत्रता को स्वीकार करना। इसी कारण कार्सन का साहित्य आधुनिक बौद्धिक जीवन की एक महत्त्वपूर्ण समस्या से भी जुड़ता है। ज्ञान अर्जित करते हुए हम प्रायः अपने विषय को पूरी तरह समझ लेने की आकांक्षा रखते हैं। व्याख्या की पद्धतियाँ, सिद्धांत और अवधारणाएँ इस प्रयास में सहायता करती हैं, किंतु कभी-कभी वे अपने अध्ययन के विषय को पहले से निश्चित ढाँचे में सीमित भी कर देती हैं। कार्सन का लेखन हमें अपने ज्ञान की अपूर्णता के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। यह आलोचनात्मक विवेक का विरोध नहीं है, बल्कि उसका विस्तार है। किसी विषय को गंभीरता से समझने का अर्थ केवल उस पर अधिकार स्थापित करना नहीं, बल्कि यह जानना भी है कि हमारी व्याख्या कहाँ तक पहुँचती है और कहाँ उसके आगे नए प्रश्न उपस्थित होते हैं।
कार्सन की रचनाओं से गुजरते हुए अंततः साहित्य और इतिहास के संबंध पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता अनुभव होती है। इतिहास का दायित्व अतीत के बारे में विश्वसनीय ज्ञान विकसित करना है। साहित्य का कार्य उस ज्ञान को प्रतिस्थापित करना नहीं, बल्कि मानवीय अनुभव के ऐसे आयामों को खोलना भी है, जिन तक पहुँचने के लिए कल्पना, संवेदना और भाषा के दूसरे साधनों की आवश्यकता होती है। मिथक इन दोनों के बीच एक महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक संसार प्रस्तुत करता है, जहाँ मनुष्य ने अपनी आशंकाओं, इच्छाओं, संघर्षों और आदर्शों को कथात्मक रूप दिया है। कार्सन इस संसार के साथ संवाद करके आधुनिक साहित्य की अभिव्यक्ति को समृद्ध करती हैं।
उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि शायद इसी बात में है कि वे अतीत को समाप्त हो चुकी दुनिया नहीं मानतीं और न उसे वर्तमान के लिए तैयार उत्तरों का भंडार बनाती हैं। उनके लिए अतीत एक ऐसी दुनिया है जिसके कुछ अंश हमारे पास बचे हुए हैं, कुछ हमेशा के लिए खो गए हैं और कुछ हमारे नए प्रश्नों के कारण नए अर्थ ग्रहण कर सकते हैं। इसीलिए उनके साहित्य में स्मृति के साथ विस्मृति, ज्ञान के साथ अज्ञान और निकटता के साथ दूरी लगातार उपस्थित रहती है। वे हमें याद दिलाती हैं कि मानवीय अनुभव की समृद्धि केवल उस चीज में नहीं होती जिसे हम निश्चित रूप से जान लेते हैं, बल्कि उस जिज्ञासा में भी होती है जो हमें अपने ज्ञान की सीमाओं के आगे देखने के लिए प्रेरित करती है। इतिहास, मिथक और साहित्य के बीच रचनात्मक संवाद की संभावना इसी दृष्टि से सबसे अधिक अर्थपूर्ण बनती है।एक भारतीय को इस तरह के साहित्यकार में अपनी साहित्यिक परम्परा से जुड़ाव महसूस हो सकता है । कार्सन का एक इंटरव्यू भी आप देखें । अपनी भाषा में सुनें , आँख बंद करके , कनाडा बहुत दूर नहीं लगेगा ।साहित्य ऐसे ही तो पूरी मानवता को जोड़ता है ।
यह सब यहाँ वहाँ से लेकर जोड़ कर लिखा गया है । उनके साहित्य से सीधा परिचय नहीं है । जिनने उनके साहित्य को अधिक पढ़ा है वे अधिक अधिकार से लिखेंगे । मैं साहित्य और इतिहास के अंतरसंबंधों में अपनी दिलचस्पी के कारण कार्सन को नोबल दिए जाने से प्रसन्न हूँ ।साहित्यकार देश की सीमा का अतिक्रमण कर सकता है , उसके पास सहज मानवीय उदात्तता की भावना तक पहुँचने का माध्यम —साहित्य —है ।


