देवघर: देवघर स्थित एम्स में 10 अक्टूबर को दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। इसमें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

उपराष्ट्रपति शनिवार सुबह करीब 10 बजे देवघर पहुंचेंगे। सबसे पहले वे एम्स के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के भी शामिल होने की संभावना है।
इसके बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12 बजे दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में आयोजित सैन्य मेले के समापन समारोह में पहुंचेंगे। 9 और 10 अक्टूबर को आयोजित इस मेले का उद्देश्य सेना और आम लोगों के बीच बेहतर संबंध बनाना है। इसमें पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और युवाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शुक्रवार को देवघर एयरपोर्ट से एम्स और दर्दमारा तक मॉक ड्रिल की गई। अधिकारियों ने काफिले के रास्ते, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजामों का जायजा लिया। कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उपराष्ट्रपति के दोपहर करीब 2 बजे देवघर एयरपोर्ट से रवाना होने की संभावना है।


