रांची: राजधानी के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित हाई-प्रोफाइल और पॉश आवासीय कॉलोनी ‘सेल सिटी’ में बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यह घटना झारखंड के पूर्व सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर चौधरी के आवास में हुई, जहां से अपराधी करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, 20 से 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, एक लैपटॉप और अन्य कीमती सामान समेटकर आसानी से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर चौधरी 7 अक्टूबर को अपने पूरे परिवार के साथ पैतृक गांव गए हुए थे और उनका रांची स्थित घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। चोरी का खुलासा तब हुआ जब पौधों में पानी डालने और घर की देखभाल करने आने वाली महिला वहां पहुंची। उसने दरवाजे का ताला टूटा देखकर परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों के कहने पर जब महिला ने अंदर जाकर देखा, तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने पूरे घर की अच्छे से तलाशी ली थी, अलमारियों को खंगाला था और यहां तक कि घर की गाड़ी, फेंसिंग व पौधों को भी नुकसान पहुंचाया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में कैद पाई गई हैं। हालांकि, चोरी में उनकी सीधी संलिप्तता की पुष्टि पुलिस की आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, चोरी गए कुल सामान का सटीक आकलन परिवार के वापस रांची लौटने के बाद ही संभव हो पाएगा।


