जोधपुर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ के तहत भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन को देखा। सिंह ने वायुसेना प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लड़ाकू विमानों को अलग-अलग ‘फार्मेशन’ में उड़ान भरते और हवाई करतब दिखाते देखा। प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम और सूर्य किरण हवाई करतब टीम ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

यह अभ्यास 26 सितंबर से शुरू हुआ था जो कि 12 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं हिस्सा ले रही हैं। अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त प्रशिक्षण, अभियानगत अनुभवों के आदान-प्रदान और एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने के माध्यम से भाग लेने वाली वायु सेनाओं के बीच तालमेल बेहतर बनाना है। कई अन्य देशों ने भी इस अभ्यास में पर्यवेक्षक के रूप में भाग लिया।


