पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से विदेशी नागरिकों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह फर्जी कॉल सेंटर विक्रमगढ़ तालुका के भोपोली गांव स्थित एक बंगले से संचालित किया जा रहा था। सूचना के आधार पर अपराध शाखा की एक टीम ने मंगलवार को परिसर में छापा मारा और वहां मौजूद सात लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों ने अमेरिका के नागरिकों को संदेश भेजकर दावा किया कि उनके मोबाइल फोन या लैपटॉप में वायरस आ गया है। इसके बाद उनके बैंक खातों में जमा धनराशि सुरक्षित रखने का झांसा देकर उन्हें गिफ्ट कार्ड खरीदने और उनके कोड साझा करने के लिए राजी किया जाता था। आरोपी इन कोड के जरिए गिफ्ट कार्ड को भुनाकर रकम हासिल कर लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, ठगी से हासिल की गई रकम को हवाला के माध्यम से दूसरे स्थानों पर भेजा जाता था। पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि पुलिस ने मौके से सात लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, एक कार और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। उन्होंने बताया कि सातों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।



