नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को बुधवार को रद्द कर दिया, जिसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया गया था।

भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य विग्नेश शिशिर की याचिका को नए सिरे से विचार के लिए हाईकोर्ट के पास वापस भेज दिया। हाईकोर्ट इस बात पर भी विचार करेगा कि याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं।

इससे पहले शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से कांग्रेस नेता के खिलाफ आय ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों से जुड़े मामले में आगे की कार्यवाही नहीं करने को कहा था। उसने सीबीआई और ईडी से भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में कोई रिपोर्ट दाखिल नहीं करने को कहा था।


