चंडीगढ़ : कांग्रेस की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने रविवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस भवन में आयोजित समारोह में अपना पद संभाला। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद थे। परगट (61) ओलंपिक पदक विजेता, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और जालंधर कैंट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने लुधियाना के सांसद वडिंग की जगह पंजाब कांग्रेस प्रमुख का पद संभाला है।

कांग्रेस ने वडिंग को तब बदला, जब राज्य के नेतृत्व को लेकर कई हफ्तों से जारी अंदरूनी कलह से अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। कार्यक्रम में वडिंग और चन्नी के अलावा पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और विधायक राणा गुरजीत सिंह तथा सुखपाल सिंह खैरा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। परगट ने पंजाब कांग्रेस प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह सिर्फ (पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का) पद संभालने की बात नहीं है, बल्कि पंजाब के प्रति मेरी जिम्मेदारी का बढ़ना भी है।’’ परगट ने ‘‘सकारात्मक राजनीति’’ की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘असली बात यह है कि पंजाब के लोग क्या चाहते हैं। पंजाब से जुड़े मुद्दे सबसे अहम हैं।’’


