अस्पताल के आसपास चोरी की शिकायतों पर पुलिस सतर्क
जानकारी के मुताबिक, अंजुमन इस्लामिया अस्पताल के आसपास लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक टीमों को इलाके में निगरानी बढ़ाने को कहा गया था।

इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को अस्पताल परिसर में मोबाइल चोरी के एक संदिग्ध को पकड़े जाने की सूचना मिली। इसके बाद लोअर बाजार थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
जयपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय आयुष गिरि के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम प्रमोद गिरी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का वर्तमान ठिकाना रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित चुरुलिया होटल है, जबकि वह मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के गंगापोल इलाके का रहने वाला है।
इस मामले में लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस कार्रवाई में गठित टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर बाड़ा, सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद मुख्तार और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को अस्पताल के आसपास चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।


