बहरागोड़ा : प्रखंड क्षेत्र की चिंगड़ा पंचायत के लधनासोल के पास स्थित जंगल में एक जंगली हाथी के पहुंचने से आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है और लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि वे रात के समय या नशे की हालत में घर से बाहर न निकलें। सुबह-सुबह सूखी लकड़ी, पत्ते, मशरूम और अन्य वन उत्पाद इकट्ठा करने के लिए जंगल की ओर जाने से भी बचें। जंगल के पास से गुजरने वाली सड़कों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
विभाग ने लोगों को हाथी को देखने के लिए उसके करीब जाने से मना किया है। साथ ही, हाथी की सूचना मिलने पर उसे भगाने के लिए दूसरे गांवों में जाने से भी बचने को कहा गया है। वन विभाग के कर्मचारी हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। विभाग का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


