गिरिडीह : जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने गिरिडीह जिला मुख्यालय में 51.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बेड के क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक अस्पताल भवन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को भवन की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और हस्तांतरण से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर भवन को दीपावली से पहले स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित किया जाए, ताकि आगे की आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
100 बेड के इस क्रिटिकल केयर अस्पताल के तैयार होने से जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अस्पताल में मरीजों का इलाज कब से शुरू होगा, इसकी आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। अब सबकी नजर भवन के हस्तांतरण और स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत पर टिकी है।


