रांची नगर निगम का बड़ा फैसला, पेंशन के लंबित मामलों के निपटारे के लिए 22 व 23 नवंबर को सभी अंचल कार्यालयों में लगेगा विशेष शिविर

रांची नगर निगम 22 और 23 नवंबर को सभी अंचल कार्यालयों में पेंशन शिविर लगाएगा। अभियान के तहत लंबित पेंशन और पारिवारिक पेंशन मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम ने पेंशन और पारिवारिक पेंशन के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और लाभुकों को समयबद्ध राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव के अनुसार आगामी 22 और 23 नवंबर को सभी अंचल कार्यालयों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पेंशन और पारिवारिक पेंशन से संबंधित नए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और उनका यथाशीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने पूर्व से लंबित पारिवारिक पेंशन के मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए यह निर्देश दिया है कि ऐसे सभी मामलों की समीक्षा अगले 10 दिनों के भीतर नियमानुसार पूरी कर पात्र लाभुकों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करें, आवश्यक अभिलेखों व दस्तावेजों की जांच करें और किसी भी प्रकार के विलम्ब को दूर करते हुए मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करें।

इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशन और पारिवारिक पेंशन से जुड़े मामलों में होने वाली देरी को समाप्त करना और पात्र लाभुकों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। सभी अंचल कार्यालयों को यह निर्देश दिया गया है कि वे शिविर के आयोजन की पुख्ता तैयारी करें, प्राप्त आवेदनों का विधिवत संधारण करें और नियमित रूप से समीक्षा करें, ताकि प्रशासनिक विलम्ब के कारण किसी भी योग्य लाभुक को पेंशन के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

Share This Article