ईसीएल में काली कमाई करने वाले कोयला तस्कर लाला पर ईडी का शिकंजा, 136 करोड़ की संपत्ति जब्त

अवैध कोयला सिंडिकेट के सरगना अनूप मांझी उर्फ लाला पर ईडी का बड़ा एक्शन। 136.44 करोड़ की संपत्ति अटैच, मामले में अब तक कुल जब्ती 815.08 करोड़ रुपये पहुंची।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: पश्चिम बंगाल और झारखंड में फैले अवैध कोयला सिंडिकेट के सरगना अनूप मांझी उर्फ लाला के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी मुख्यालय ने ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की कोल परियोजनाओं से अवैध कोयला चोरी और सिंडिकेट संचालन के मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत लाला की 136.44 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त (अटैच) कर लिया है।

इस नई कार्रवाई के साथ ही ईडी द्वारा इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक अटैच की गई कुल संपत्तियों का मूल्य बढ़कर 815.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। ईडी की इस ताजा कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित गढ़ पंचकोट इको टूरिज्म, बांकुड़ा स्थित बिहारिनाथ इको टूरिज्म और कोलकाता शहर में स्थित दो बेहद महत्वपूर्ण व्यावसायिक संपत्तियों को अटैच किया गया है। जांच एजेंसी ने केवल अचल संपत्तियों पर ही नहीं, बल्कि वित्तीय परिसंपत्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी और उसके नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों में जमा राशि, शेयर बाजार में किए गए निवेश और म्यूचुअल फंड में लगाई गई रकम को भी कानून के दायरे में लेते हुए जब्त किया गया है।

जांच में सामने आया है कि लाला ने ईसीएल के अधिकारियों और प्रशासनिक अमले से मिलीभगत कर एक विशाल अवैध सिंडिकेट खड़ा किया था। इस नेटवर्क के जरिए ईसीएल की चालू खदानों को कागजों पर ‘नॉन-ऑपरेशनल’ घोषित करवा दिया जाता था और फिर उन्हीं खदानों से अवैध तरीके से कोयला निकालकर दूसरे राज्यों की मंडियों में बेचा जाता था। ईडी अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि अवैध खनन से अर्जित इस काली कमाई को किन-किन कागजी कंपनियों और संदिग्ध माध्यमों के जरिए वैध संपत्तियों में बदला गया। संपत्तियों के हस्तांतरण और बिक्री पर रोक लगा दी गई है ताकि जांच की निष्पक्ष प्रक्रिया प्रभावित न हो सके।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।