रांची: झारखंड में 26 हजार सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। संशोधित रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय की गई समय-सीमा समाप्त होने के करीब है। राज्य सरकार को इस मामले में आगामी 29 अक्टूबर तक सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाखिल करना है।

सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया था, जिसकी यह अवधि 29 अक्टूबर को पूरी हो रही है। इस समय-सीमा के भीतर अदालत में अपना पक्ष रखना अनिवार्य है, जिसे मुख्य सचिव के माध्यम से शो कॉज के रूप में दायर किया जाना है।
इसे देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को पत्र लिखकर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का अनुरोध किया है, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का समय पर पालन सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि, आयोग की ओर से अब तक संशोधित रिजल्ट जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, जिससे अभ्यर्थियों की नजरें लगातार इस पर टिकी हुई हैं।


