रांची : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोर बागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान 19 श्रद्धालुओं के आकस्मिक निधन की घटना पर विश्व हिंदू परिषद झारखंड सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने इस हृदयविदारक घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगत श्रद्धालुओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, भक्ति, श्रद्धा एवं शक्ति की उपासना का महापर्व है। ऐसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ इस प्रकार की दुखद घटना घटित होना अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए मां दुर्गा से प्रार्थना की कि इस असहनीय दुख की घड़ी में दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों को धैर्य एवं दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, उन्होंने हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
संजय सर्राफ ने पश्चिम बंगाल सरकार एवं संबंधित प्रशासन से आग्रह किया कि राज्य के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त पुलिस बल,सीसीटीवी निगरानी,अग्निशमन व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, एंबुलेंस तथा आपातकालीन निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मां दुर्गा की आराधना कर सकें।


