नयी दिल्ली: रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ लिमिटेड अगले दो से तीन साल में 58,000 करोड़ रुपये की बिक्री क्षमता वाली आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी। कंपनी अपने लक्जरी घरों की मजबूत मांग का लाभ उठाने के लिए यह योजना बना रही है। इन घरों की मांग खरीदार ग्राहकों के साथ-साथ निवेशकों से भी आ रही है।

वित्त वर्ष 2024-25 की शुरुआत में डीएलएफ ने कहा था कि वह अगले कुछ वर्षों में 3.7 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र में आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी, जिनकी अनुमानित बिक्री क्षमता 1,14,500 करोड़ रुपये होगी।
कंपनी ने अपने ताजा निवेशक प्रस्तुतीकरण में कहा कि पिछले ढाई वर्षों में उसने 1.4 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र में परियोजनाएं पेश की हैं, जिनकी बिक्री क्षमता 56,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
डीएलएफ ने कहा, ”पहले ढाई वर्षों में 50 प्रतिशत परियोजनाएं पेश की गईं… मध्यम अवधि के लिए 58,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की अच्छी योजना है।”
कंपनी मध्यम अवधि में करीब 2.4 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र में परियोजनाएं पेश करेगी, जिनकी बिक्री क्षमता 58,000 करोड़ रुपये से अधिक होगी।
डीएलएफ होम डेवलपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कारोबार अधिकारी आकाश ओहरी ने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में मुंबई और गुरुग्राम में लक्जरी आवासीय परियोजनाएं पेश करने की तैयारी कर रही है।
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में गुरुग्राम में 4.17 एकड़ में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवासीय परियोजना पेश कीं। इस परियोजना में 172 लक्जरी घर हैं। ‘द ऑरेवा’ नाम की इस परियोजना के सभी घर 1,985 करोड़ रुपये में बिक गए।


