इंफाल: मणिपुर के कामजोंग जिले में खाली पड़े एक गांव के कई घरों में संदिग्ध उग्रवादियों ने बुधवार सुबह आग लगा दी जिससे इलाके में एक बार फिर तनाव पैदा हो गया। पुलिस ने बताया कि चसाद गांव के पास स्थित खोइकाई कुकी गांव में संदिग्ध उग्रवादियों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लगा दी। पुलिस के अनुसार, कुकी और नगा समुदायों के बीच बढ़ती हिंसक झड़पों के कारण गांव के लोग अपने घर छोड़कर चले गए थे और तभी से यह गांव खाली पड़ा है।

पुलिस के अनुसार, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आगजनी में कितना नुकसान हुआ है और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है। राज्य में इस साल की शुरुआत से दोनों जनजातीय समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़पों में 50 से अधिक लोग मारे गए हैं और कई मकान जला दिए गए हैं। हिंसा से प्रभावित जिलों में तामेंगलोंग, नोने, कांगपोकपी, उखरुल और कामजोंग शामिल हैं।


