नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उभरती सामाजिक बुराइयों और नई चुनौतियों से निपटने, समाज को विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट करने तथा नागरिकों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
मोदी ने यहां चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि चिन्मय मिशन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक विचार है। उन्होंने कहा कि ‘चिन्मय’ का अर्थ शुद्ध चेतना है। इसकी स्थापना स्वामी चिन्यानंद ने की थी, जिनकी दशकों लंबी यात्रा दैवीय संकल्पों से भी प्रेरित रही।



