रांची: झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शनिवार को रांची के रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में शुरू होगाी। बैठक के पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर झारखंड की पारंपरिक संस्कृति और राजनीतिक बैठकों का अनूठा संगम नजर आया। बैठक स्थल के मुख्य द्वार पर आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कलाकारों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया और खुद भी गले में मांदर टांगकर उसे बजाया।

इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से चंदन का टीका लगाकर, फूल बरसाकर और आरती उतारकर अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही, सभी नेताओं को ‘जोहार’ लिखे पारंपरिक गमछे पहनाए गए। इस स्वागत समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल और प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
औपचारिक सत्र की शुरुआत से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसमें संगठन की मौजूदा स्थिति और जिलास्तर पर चल रही गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक शुरू होगी।


