नई दिल्ली: दिल्ली के कारोबारी संगठन ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (सीटीआई) ने दावा किया है कि एक नवंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली से त्योहारों के समय चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली और भागीरथ पैलेस सहित दिल्ली के 21 प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों में कारोबार बाधित हो सकता है। सीटीआई ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर प्रस्तावित रैली को 10 नवंबर तक, यानी भाई दूज के बाद तक, टालने की मांग की है। पार्टी ने इस रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया है। संगठन ने रैली को वाणिज्यिक क्षेत्रों से दूर किसी वैकल्पिक स्थान पर आयोजित करने का सुझाव भी दिया है।



