नई दिल्ली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने एक्स पर लिखा कि वोट चोरी के अनगिनत मामलों के सामने के बाद भी मोदी सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए सारे हथकंडे अपना रही है। खड़गे ने कहा कि एसआईआर में इस्तेमाल किए गए सॉफ़्टवेयर की जानकारी आरटीआई के ज़रिए मांगी गई, तो चुनाव आयोग ने ‘ट्रेड सीक्रेट्स’ का हवाला देकर जवाब देने से ही इनकार कर दिया।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में फ़ॉर्म-6 के 16.18 लाख आवेदनों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया।

पीलीभीत में 10,470 मतदाताओं के रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गईं। अब पूरे प्रदेश में फ़ॉर्म-6, फ़ॉर्म-7 और फ़ॉर्म-8 की जांच के आदेश देने पड़े हैं।उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की तीन मांगें हैं। पहली मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा दें और उन्हें संरक्षण देने वाला क़ानून निरस्त किया जाए। दूसरी मांग है कि एसआईआर को तुरंत रोका जाए और ग़ैरक़ानूनी ढंग से हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल किए जाएं।इंडिया गठबंधन की तीसरी मांग है कि सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं।साथ ही, कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में शामिल होने की अपील की।


