रांची: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय रांची में सतर्कता जागरूकता सप्ताह (विजिलेंस अवेयरनेस सप्ताह) के तहत एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की भावना को मजबूत करना था।

समारोह के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मौजूद सभी कर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि NHAI में हम सभी का यह दायित्व है कि अपने कार्यों को पूर्ण ईमानदारी और जवाबदेही के साथ पूरा करें, ताकि एक भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके और जनहित को सर्वोपरि रखा जा सके। कार्यक्रम में प्रशासनिक कार्यों के दौरान नैतिक मूल्यों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।


