टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने का एसीएस ने दिया निर्देश, 24 घंटे में डाटा पोर्टल पर अपडेट करने का दिया टास्क

झारखंड में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में टीबी अभियान की रिपोर्ट 24 घंटे में अपडेट करने, दीपावली से पहले लंबित भुगतान निपटाने और अस्पतालों की साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।

Neeral Prakash
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. प्रभात कुमार सहित सभी जिलों के सिविल सर्जन और संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, स्वास्थ्य कर्मियों के लंबित मानदेय, एम्बुलेंस सेवाओं और अस्पतालों की साफ-सफाई को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे में टीबी अभियान की रिपोर्ट करें अपडेट अपर मुख्य सचिव ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिन जिलों के प्रदर्शन और सूचकांकों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर आवश्यक सुधार कर वेबसाइट पर अद्यतन जानकारी अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निक्षय पोषण योजना के तहत सभी पात्र टीबी मरीजों के बैंक खातों में लंबित आर्थिक सहायता राशि का तत्काल हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद मरीज इस लाभ से वंचित न रहे।

दीपावली से पहले कर्मियों का लंबित भुगतान

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मियों और सहियाओं के वेतन व मानदेय भुगतान पर विशेष जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 30 सितंबर तक के सभी प्रकार के लंबित भुगतानों का निपटारा दीपावली से पहले हर हाल में कर लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित जिला या प्रखंड लेखा प्रबंधक सहित जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, एनएचएम कर्मियों का आगामी अक्टूबर और दिसंबर माह का वेतन मानव संसाधन सूचना प्रणाली (एचआरआईएस) पोर्टल के माध्यम से समय पर देने की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में सहियाओं का भुगतान भी मुख्यालय के स्तर से ही किए जाने की योजना है।

पुरानी और कबाड़ एम्बुलेंस होंगी नीलाम

108 एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जो एम्बुलेंस वाहन परिचालन में नहीं हैं, 7 वर्ष से अधिक पुरानी हो चुकी हैं या डेढ़ लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं, उन्हें नियमानुसार अनुपयोगी घोषित कर नीलाम किया जाए। साथ ही, ऐसी गाड़ियों को तुरंत अस्पताल परिसरों से हटाने के भी निर्देश दिए गए ताकि वहां अनावश्यक वाहन खड़े न रहें। इसके अलावा ममता वाहन योजना की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए लंबित भुगतानों का विवरण जल्द से जल्द दुरुस्त करने को कहा गया।

त्योहार से पहले चमकेंगे अस्पताल

दीपावली के मद्देनजर जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्तर तक के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में रंग-रोगन, मरम्मत और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि अस्पताल परिसरों में उगी झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों को पूरी तरह साफ किया जाए, ताकि त्योहार से पहले सभी अस्पताल परिसर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक नजर आएं। विभाग ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समयबद्ध तरीके से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।