रांची: राजधानी रांची की सड़कों पर जल्द ही छह नई ‘पिंक सिटी बसें’ सरपट दौड़ती नजर आएंगी। रांची नगर निगम ने महिला यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों के संचालन के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर फाइनल होते ही बसों के परिचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

वर्तमान में शहर के प्रमुख मार्गों पर चार पिंक सिटी बसों का सफलतापूर्वक परिचालन किया जा रहा है, जिन्हें महिलाओं का काफी अच्छा रेिस्पांस मिल रहा है। महिला यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को देखते हुए नगर निगम ने बेड़े में 6 और नई बसें शामिल करने का निर्णय लिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही इन बसों को शहर के अलग-अलग तय रूटों पर उतार दिया जाएगा।
इस संबंध में नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की महिलाओं, छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक सफर का वातावरण देना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अक्सर देखा जाता है कि आम बसों में भीड़भाड़ के कारण महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। पिंक सिटी बस सेवा विशेष रूप से महिलाओं के लिए समर्पित है, जिससे वे बिना किसी झिझक या डर के सफर कर सकती हैं। इन बसों में कंडक्टर भी महिलाएं है।
इन बसों के बेड़े में जुड़ने से राजधानी के प्रमुख इलाकों जैसे कांटाटोली, लालपुर, अलबर्ट एक्का चौक, रातू रोड, और धुर्वा जैसे क्षेत्रों में आवाजाही करने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। बसों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर के सार्वजनिक परिवहन को महिला-हितैषी बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक महिलाएं निडर होकर काम या पढ़ाई के लिए बाहर निकल सकें।


