महर्षि वाल्मीकि एवं संत मीराबाई जयंती पर विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का हुआ पाठ

रांची : परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में शरद पूर्णिमा के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस अवसर पर श्री राधा-कृष्ण को विधिवत खीर का भोग अर्पित किया गया। खीर को रात्रि में चंद्रमा की चांदनी में रखा गया था। प्रातःकाल पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान को खीर का भोग लगाया। इसके पश्चात बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री राधा रानी राज श्यामा जी का आकर्षक जड़ित आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया।
देवी-देवताओं के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं संत मीराबाई जयंती के पावन अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई, तथा भगवान को विशेष भोग अर्पित किया गया। इस दौरान पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने सुमधुर भजनों के साथ सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से पाठ का श्रवण किया और भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्व एवं संत-महात्माओं की जयंती हमें भक्ति, आध्यात्मिकता, सदाचार और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना जागृत करने के साथ आपसी सद्भाव एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल,राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया,अरविंद अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, पूरणमल सर्राफ,सुनील पोद्दार, संजय सर्राफ,मनीष सोनी,पवन कुमार पोद्दार,ज्ञान चन्द शर्मा,विद्या देवी अग्रवाल,दीपिका मोतिका,आशा सिंह, आशा मिश्रा, नंद रानी पाठक,संतोष देवी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल,मानवी सिन्हा, मुस्कान वर्मा सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


