रांची: दुर्गापूजा के बाद सोमवार को रांची समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिलेभर से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित व प्रभावी निष्पादन के निर्देश दिए। जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन रसीद, पंजी-2 में सुधार, पेंशन भुगतान और आंगनबाड़ी सेविका चयन से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

कुलवंश के चेहरे पर लौटी खुशी

जनता दरबार का सबसे खास पल ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो के लिए रहा। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने उन्हें तुरंत इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की। इस त्वरित सहायता से अभिभूत कुलवंश महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें डीसी के दरबार से निराश नहीं लौटना पड़ा और इस ट्राईसाइकिल से उनके दैनिक जीवन में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

जनता दरबार में अरगोड़ा अंचल के दिवंगत राजस्व कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मुण्डा की हत्या के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले के विभिन्न अंचलों के राजस्व कर्मचारियों ने डीसी से मुलाकात की। डीसी ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। साथ ही, मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई।
दाखिल-खारिज, अवैध कब्जा हटाने, ऑनलाइन लगान रसीद और पंजी-2 में सुधार के आवेदनों पर संबंधित अंचल अधिकारियों को नियमानुसार यथाशीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वृद्धा पेंशन का भुगतान लंबित होने की शिकायत पर डीसी ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार से राशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों के खातों में पैसे भेज दिए जाएंगे। वही सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।


