जमशेदपुर : मानगो से गुजरने वाले NH-33 पर जर्जर सड़क और उड़ती धूल से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। पारडीह से बालीगुमा तक सड़क निर्माण 29 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है। विधायक सरयू राय ने बताया कि NHAI के परियोजना निदेशक ने इसकी पुष्टि की है। फ्लाइओवर निर्माण के बीच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और धूल के कारण वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है।इससे पहले 3 अक्टूबर को सड़क निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन अगले ही दिन काम बंद हो गया। NHAI ने मशीन की मरम्मत और कैलिब्रेशन को देरी की वजह बताया है। वहीं, सड़क की बदहाली को लेकर 25 अक्टूबर की शाम डिमना चौक के पास बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी। सरयू राय ने कहा कि NHAI को 29 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। तय तारीख पर काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन तेज हो सकता है।



