दिवंगत पिता के प्रति अमर्यादित टिप्पणी कांग्रेस की विकृत राजनीतिक मानसिकता का परिचायक : डॉ. प्रदीप वर्मा

भाजपा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने पटना में मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री साह राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिए गए कथित अमर्यादित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और भारतीय राजनीतिक संस्कृति के सर्वथा विपरीत बताया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन विरोध की आड़ में किसी दिवंगत पिता के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना कहां तक उचित है? कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे व्यक्ति से देश राजनीतिक परिपक्वता, संयम और शालीनता की अपेक्षा करता है, लेकिन इस तरह की टिप्पणी ने सार्वजनिक जीवन की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह जी की 139वीं जयंती जैसे गरिमामय अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मंच से यदि किसी दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, तो यह केवल संबंधित व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कारों और सामाजिक मूल्यों के प्रति असंवेदनशीलता का भी परिचायक है। हमारी संस्कृति में माता-पिता को देवतुल्य माना गया है। ‘मातृदेवो भव, पितृदेवो भव’ केवल शब्द नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-दर्शन का मूल आधार है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति आज जिस स्तर पर पहुंचती दिखाई दे रही है, वह बेहद चिंताजनक है। वैचारिक विरोध का उत्तर तर्क और तथ्यों से दिया जाना चाहिए, न कि व्यक्तिगत कटाक्ष और अमर्यादित भाषा से। लोकतंत्र में आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन उस अधिकार के साथ मर्यादा और जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को यह समझना चाहिए कि वरिष्ठता केवल पद या अनुभव से नहीं, बल्कि आचरण और वक्तव्य की गरिमा से भी प्रमाणित होती है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। राजनीतिक चुनौतियों का सामना जनसेवा, स्पष्ट नीतियों और सकारात्मक एजेंडे से किया जाता है, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों के सहारे। जनता सब देख रही है और राजनीतिक नेतृत्व के आचरण का मूल्यांकन भी कर रही है। किसी भी राजनीतिक दल को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि व्यक्तिगत अपमान और कटु बयानबाजी के माध्यम से वह जनता का विश्वास जीत सकता है। भारत की जनता जागरूक है और लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनादेश का होता है। राजनीतिक अहंकार और अमर्यादित भाषा किसी भी दल की साख को मजबूत नहीं कर सकती।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपेक्षा की कि वे अपने बयान पर गंभीरता से विचार करें और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएं। राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक सम्मान और लोकतांत्रिक शिष्टाचार से समझौता स्वीकार्य नहीं है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।