रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले, इसके लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धुर्वा डैम, तिरिल छोटा डैम (धुर्वा), जगन्नाथपुर तालाब और हेसाग तालाब पहुंचकर साफ-सफाई, जलस्तर, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर काम करने के कड़े निर्देश दिए।

धुर्वा डैम में युद्धस्तर पर घास की कटाई और व्यापक सफाई अभियान चलाने को कहा गया है। जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी फ्लेक्स और डबल-लेयर वाले अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। तिरिल छोटा डैम (धुर्वा) जलाशय से जलकुंभी हटाने के लिए वीड हार्वेस्टिंग मशीन का उपयोग करने और घाट के आसपास विशेष सफाई के साथ-साथ रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
जगन्नाथपुर तालाब और आसपास के क्षेत्रों में विशेष नजर रखने, कचरा फेंकने पर रोक लगाने और जलाशयों में गंदा पानी छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई। पानी की शुद्धता के लिए फिटकरी का उपयोग और हाईमास्ट लाइट लगाने का निर्देश भी दिया गया है। हेसाग तालाब के सौंदर्यीकरण, सिविल कार्यों और ब्लीचिंग पाउडर-फिटकरी के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सीढ़ियों पर जमी काई को साफ करने को कहा गया है ताकि फिसलन से किसी तरह की दुर्घटना न हो।
समितियों से सहयोग की अपील
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों से संवाद कर उनके सुझाव लिए और इस सामूहिक अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने जलाशयों में कूड़ा-कचरा न डालने के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। सभी अंचल कार्यालयों को अपने-अपने क्षेत्र के घाटों पर नियमित निगरानी रखने और समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


