नयी दिल्ली : अदाणी समूह की सीमेंट कंपनी एसीसी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 91.7 प्रतिशत घटकर 93 करोड़ रुपये रहा। अंबुजा सीमेंट्स की अनुषंगी कंपनी एसीसी ने पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 1,119 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। एसीसी ने शेयर बाजार को दी सूचना में मंगलवार को कहा कि पिछले साल के मुनाफे में पूर्व अवधि से संबंधित 659 करोड़ रुपये के आयकर प्रावधान को वापस लेने और आयकर रिफंड पर मिले 205 करोड़ रुपये के ब्याज की राशि भी शामिल थी। इसलिए लाभ की तुलना पिछले साल से नहीं की जा सकती है।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय सालाना आधार पर 5.24 प्रतिशत घटकर 5,656 करोड़ रुपये रही। वहीं, कुल खर्च 2.46 प्रतिशत बढ़कर 5,602 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के अनुसार, तिमाही के दौरान सीमेंट कारोबार से आय 6.9 प्रतिशत घटकर 5,206 करोड़ रुपये रही। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बिक्री मात्रा में गिरावट की वजह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में मूल कंपनी अंबुजा सीमेंट्स के साथ हुए समझौते के तहत अधिक मात्रा में आपूर्ति होना था।
एसीसी की कुल आय चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 10.45 प्रतिशत बढ़कर 5,587.76 करोड़ रुपये रही।


