झारखंड के पतरातू को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी उपलब्धि, ‘द वीक हेरिटेज अवॉर्ड्स 2026’ में मिला सिल्वर बनयान अवॉर्ड

झारखंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पतरातू को 'द वीक हेरिटेज अवॉर्ड्स 2026' में 'रिवरसाइड हेरिटेज' श्रेणी के तहत प्रतिष्ठित 'सिल्वर बनयान अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के पर्यटन क्षेत्र ने राष्ट्रीय फलक पर एक और गौरवशाली उपलब्धि अपने नाम की है। राज्य के प्रमुख और बेहद खूबसूरत पर्यटन स्थल ‘पतरातू’ को प्रतिष्ठित ‘द वीक हेरिटेज अवॉर्ड्स 2026’ में ‘रिवरसाइड हेरिटेज’ श्रेणी के तहत ‘सिल्वर बनयान अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में आयोजित भव्य समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने यह प्रतिष्ठित सम्मान ग्रहण किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। ‘द वीक’ पत्रिका की ओर से आयोजित इन पुरस्कारों के दूसरे संस्करण में देश भर की उन सांस्कृतिक विरासतों और पर्यटन पहलों को सम्मानित किया गया, जो भारत के पर्यटन संवर्धन और विरासत संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। इस दौरान कुल नौ श्रेणियों में 18 सम्मान और आठ विशेष संपादकीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

अपनी मनोरम घाटियों, प्राकृतिक सौंदर्य और विशाल जलाशय के लिए मशहूर पतरातू ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यहां जलाशय में नौकायन, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन जैसी आधुनिक पर्यटक सुविधाओं के विकसित होने से यह पर्यटकों के बीच तेजी से एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर रहा है। रिवरसाइड हेरिटेज श्रेणी में मिला यह राष्ट्रीय सम्मान पतरातू के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मिली एक बड़ी मान्यता है।

झारखंड सरकार राज्य के प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। पतरातू समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया जा रहा है। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय आतिथ्य, परिवहन और खान-पान के जरिए युवाओं व स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है।

इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने विभाग के अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और पतरातू परियोजना से जुड़े सभी सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि इस राष्ट्रीय सम्मान से राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास को और अधिक गति मिलेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।