रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को पुलिस और राहुल सिंह गिरोह से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। विधानसभा थाना क्षेत्र के नया सराय रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद नाम का एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने पीछा कर घायल शाहिद समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को देखकर की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस को राहुल सिंह गिरोह से जुड़े संदिग्धों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि दोनों संदिग्ध दलादली चौक की ओर से आ रहे थे और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
नया सराय रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस टीम पर गोलीबारी की गई। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें शाहिद के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद भी उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
कांके पेट्रोल पंप पर गोलीबारी से जुड़ा मामला
रांची के एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, कांके थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई गोलीबारी की घटना में राहुल सिंह गिरोह के दो संदिग्धों की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को दोनों के विधानसभा थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, घायल शाहिद लोहरदगा का रहने वाला है। उसके पास से एक पिस्टल और दो गोलियां बरामद की गई हैं।
गुमला और बेड़ो की घटनाओं में भी जांच
पुलिस शाहिद और उसके साथियों की कथित भूमिका की गुमला में शिवालया कंस्ट्रक्शन पर हुई गोलीबारी, भारतमाला परियोजना से जुड़ी फायरिंग की घटना और बेड़ो में हुई लूट के मामले में भी जांच कर रही है।
इन घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में लगी है।


