रांची : आगामी दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से रांची के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, एसडीओ और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूजा समितियों द्वारा छठ घाटों की स्थिति और शहर की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाए जाने पर उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तालाबों और छठ घाटों की समय रहते साफ-सफाई, उचित प्रकाश व्यवस्था और बांस-बल्ली से मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर एनडीआरएफ की टीमों के साथ-साथ स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की भी विशेष योजना बनाई गई है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आम जनता और श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि छठ पूजा का आयोजन सभी आवश्यक सुविधाओं और पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा। इसके अलावा, दीपावली और काली पूजा के दौरान भी भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट में आवश्यक बदलाव (रूट डायवर्जन) भी किए जाएंगे ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


