पुलिस ने रोका तो तेज रफ्तार में भगाई कार
सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बुधवार को सदर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढ़ा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान चतरा शहर की ओर तेज गति से आ रही एक सफेद वरना कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो तस्कर सिकिद गांव के पास नदी किनारे कार छोड़कर फरार हो गए।
82 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 82 पैकेटों में कुल 164 किलो गांजा मिला। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर UP14CF-5803 बताया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ कार को भी जब्त कर लिया है।
तस्करों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसडीपीओ के मुताबिक, मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तस्करों की पहचान करने के साथ कार मालिक का भी पता लगाया गया है। आरोपियों और वाहन मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की तस्करी रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, एएसआई सफिक अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


