11 गेट खुले, सामान्य हुई आवाजाही
बुधवार को सुनवाई के दौरान बोकारो के उपायुक्त ने अदालत में अंडरटेकिंग देकर बताया कि प्लांट के सभी 11 प्रवेश द्वार खुल चुके हैं। कर्मचारियों की आवाजाही सामान्य है और संयंत्र में शांति बहाल हो गई है। इसके बाद हाईकोर्ट ने याचिका का निष्पादन कर दिया। हालांकि, अदालत ने भविष्य में किसी भी संभावित गड़बड़ी को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
9 दिनों तक चला था आंदोलन, 15 हजार कर्मचारी हुए प्रभावित!
नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों के आंदोलन के दौरान करीब नौ दिनों तक प्लांट के सभी प्रवेश द्वार बाधित रहने की बात अदालत में रखी गई थी। इससे लगभग 15 हजार अधिकारी और कर्मचारी प्रभावित हुए थे। कई कर्मचारी प्लांट के अंदर फंस गए, जबकि ड्यूटी पर पहुंचे दूसरे कर्मचारियों को प्रवेश नहीं मिल सका।
ब्लास्ट फर्नेस तक प्रभावित, अब प्रशासन की अग्निपरीक्षा
आंदोलन के कारण ब्लास्ट फर्नेस, सिंटर प्लांट और स्टील मेल्टिंग शॉप जैसी महत्वपूर्ण उत्पादन इकाइयों का कामकाज प्रभावित होने की जानकारी भी अदालत को दी गई थी।
न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने इससे पहले 18 अक्टूबर को भी कर्मचारियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।


