बिहार भेजा जाना था 1 करोड़ का गांजा! चतरा में पुलिस को देख कार छोड़ भागे तस्कर, 164 किलो गांजा बरामद

चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत चेकिंग के दौरान वरना कार से 164 किलो गांजा बरामद, तस्कर फरार।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
चतरा: झारखंड के चतरा में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पुलिस ने एक सफेद वरना कार से 164 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, गांजे की खेप बिहार भेजने की तैयारी थी, लेकिन चेकिंग के दौरान तस्करों की योजना नाकाम हो गई।

पुलिस ने रोका तो तेज रफ्तार में भगाई कार

सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बुधवार को सदर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढ़ा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान चतरा शहर की ओर तेज गति से आ रही एक सफेद वरना कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो तस्कर सिकिद गांव के पास नदी किनारे कार छोड़कर फरार हो गए।

82 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 82 पैकेटों में कुल 164 किलो गांजा मिला। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर UP14CF-5803 बताया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ कार को भी जब्त कर लिया है।

तस्करों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसडीपीओ के मुताबिक, मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तस्करों की पहचान करने के साथ कार मालिक का भी पता लगाया गया है। आरोपियों और वाहन मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की तस्करी रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, एएसआई सफिक अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।