रांची: बिहार की पृष्ठभूमि पर बनी नई वेब सीरीज ‘हेलो! हम बोल रहे हैं’ अपराध और बाहुबल की पारंपरिक कहानियों से हटकर एक आम युवक के संघर्ष और राजनीति की दुनिया की अनूठी कहानी को दर्शाती है। इसी सीरीज के प्रमोशन के सिलसिले में अभिनेता व स्क्रीनराइटर निलय मिताश और फिल्म निर्माता राज शेखर रांची के प्रेस क्लब पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत कर सीरीज से जुड़ी खास जानकारियां साझा कीं।

8 एपिसोड वाली इस वेब सीरीज में अभिनेता निलय मिताश मुख्य भूमिका यानी ‘पप्पू प्रसाद पांडे’ के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके अलावा इस सीरीज में यशपाल शर्मा, सुष्मिता मुखर्जी, इश्तियाक खान और दया शंकर पांडेय जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज वेव ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
रांची से जुड़ा है अभिनेता का नाता
निलय मिताश ने झारखंड और रांची से अपने गहरे जुड़ाव को साझा किया। उन्होंने बताया कि बिहार-झारखंड के विभाजन के समय उनके माता-पिता का तबादला रांची हो गया था, जिसके बाद उनका परिवार रांची के बरियातू में रहता था। उनकी शुरुआती पढ़ाई नामकुम स्थित बिशप वेस्टकॉट बॉयज स्कूल में हुई। उन्होंने कहा कि रांची आना उनके लिए अपनी पुरानी यादों को फिर से जीने जैसा है।


