रांची: झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोककला को अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी एक नई पहचान मिलने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय रांची द्वारा रांची शहर में एनएच-75 के एलिवेटेड कॉरिडोर और एनएच-23 के डाउन रैंप को झारखंड की प्रसिद्ध सोहराय चित्रकला से सजाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस भव्य सौंदर्यीकरण कार्य का आवंटन कर दिया गया है और इसका शुभारंभ जल्द ही किया जाएगा।

प्रकृति, पशु-पक्षियों और पारंपरिक ज्यामितीय आकृतियों से सजी सोहराय पेंटिंग झारखंड की अनूठी लोककला है, जो यहां की जनजातीय परंपराओं को दर्शाती है। एलिवेटेड कॉरिडोर की दीवारों और संरचनाओं पर इस कला के उकेरे जाने से राजधानी रांची को एक विशिष्ट सांस्कृतिक स्वरूप मिलेगा, साथ ही गुजरने वाले पर्यटकों और राहगीरों को राज्य की लोकसंस्कृति से रूबरू होने का बेहतरीन अवसर भी प्राप्त होगा।
एनएचएआई रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने इस पहल पर कहा कि आधुनिक और सुरक्षित सड़क अवसंरचना के विकास के साथ-साथ स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देना उनका मुख्य उद्देश्य है। इस अनूठी सजावट से न केवल रांची के एलिवेटेड कॉरिडोर की सुंदरता में चार चांद लगेंगे, बल्कि पारंपरिक कला को एक व्यापक मंच भी मिलेगा। वहीं, एनएचएआई रांची के परियोजना निदेशक अमित रौशन ने कहा कि यह परियोजना आधुनिक विकास और स्थानीय संस्कृति के बीच एक सुंदर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है।


