रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में कार्यरत चिकित्सकों के लिए एपीएस (असेसमेंट प्रमोशन स्कीम) के तहत पदोन्नति प्रक्रिया के तहत 29 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 विभिन्न विभागों के चिकित्सकों का साक्षात्कार सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कुल 16 योग्य चिकित्सक अभ्यर्थियों ने अपने मौजूदा पदों से उच्चतर पदों पर पदोन्नति पाने के लिए इस साक्षात्कार में हिस्सा लिया।

रिम्स प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस साक्षात्कार में बायोकेमिस्ट्री, फिजियोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी, जेनरल सर्जरी, प्रोस्थोडॉन्टिक्स एंड क्राउन एंड ब्रिज, ऑर्थोपेडिक्स, ऑर्थोडॉन्टिक्स एंड डेंटोफेशियल ऑर्थोपेडिक्स तथा फार्माकोलॉजी विभागों के चिकित्सक शामिल हुए।
यह पूरी पदोन्नति प्रक्रिया तय नियमों और मानदंडों के तहत संचालित की जा रही है। एपीएस योजना का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को उनकी योग्यता, अनुभव और शैक्षणिक व अकादमिक उपलब्धियों के आधार पर करियर में आगे बढ़ने का अवसर देना है। रिम्स प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार की पदोन्नतियों से संस्थान में चिकित्सा शिक्षा, शोध कार्यों और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।


