रांची : जीईएल चर्च रांची मुख्यालय के बिशप और रांची ऑल चर्चेज कमेटी के अध्यक्ष बिशप सीमांत तिर्की का गुरुवार को निधन हो गया। देर रात हार्ट अटैक आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें लालपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिशप सीमांत तिर्की के निधन की खबर से चर्च और ईसाई समुदाय में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार 31 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जीईएल चर्च कब्रिस्तान में किया जाएगा। दिवंगत बिशप को श्रद्धांजलि देने के लिए गोस्सनर थियोलॉजिकल कॉलेज परिसर में विशेष प्रार्थना सभा और शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें कलीसिया के पादरी, धर्मगुरु, सदस्य और बड़ी संख्या में विश्वासी शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई देंगे। इधर, बिशप सीमांत तिर्की के निधन के बाद खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। शुक्रवार को अपने शोक संदेश में राजेश कच्छप ने कहा कि उनका इस तरह असमय एवं आकस्मिक निधन मसीही समाज और कलीसिया के लिए अपूरणीय क्षति है। एक समर्पित आत्मिक अगुवे, मार्गदर्शक और प्रभु के सेवक का इस तरह अचानक हमारे बीच से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। हमारी प्रार्थना है कि प्रभु उनके पूरे परिवार एवं पूरी कलीसिया को इस कठिन समय में सांत्वना, धैर्य और सामर्थ्य प्रदान करें। प्रभु में उनकी आत्मिक सेवकाई और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।



