रांची : विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती को लेकर मारवाड़ी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार के निर्देशन में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें शिवानी परमार और विवाराज श्री वर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक तरीके से सामना करने के गुर सिखाए।

सत्र में पढ़ाई का दबाव, अभिभावकों की अपेक्षाएं, रिश्तों की परेशानियां, असफलता का डर और दूसरों से तुलना जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मानसिक मजबूती का अर्थ भावनाओं को दबाना नहीं, बल्कि उन्हें समझकर सही तरीके से संभालना है। उन्होंने आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, धैर्य और संतुलित निर्णय लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं विश्वसनीय लोगों से साझा करने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन भी सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।


